header ads

सीएम योगी ने लांच किया 'निर्भया एक पहल'

उप्र की महिलाओं और बेटियों की 'सुरक्षा, स्वाभिमान और स्वावलंबन' के लिए मिशन शक्ति अभियान शुरू करने वाली भाजपा सरकार ने आधी आबादी के स्वावलंबन के लिए बड़ा कदम उठाया है। उत्तर प्रदेश के हर जिले में एक-एक हजार महिलाओं को उद्यमी बनाने के लिए मिशन के तीसरे चरण में 'निर्भया : एक पहल' अभियान चलाया जाएगा। इसका शुभारंभ प्रशिक्षण किट बांटने के साथ मुख्यमंत्री ने बुधवार को किया।


लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने
महिला उद्यमी हेल्पलाइन और वेबसाइट का लोकार्पण किया। इसके साथ ही प्रदेश भर में हर जिले में एक-एक हजार यानी कुल 75 हजार महिलाओं को किट का वितरण स्थानीय स्तर पर शुरू कर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन शक्ति के दो चरणों में तमाम विभागों को जोड़ा गया। अब सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग ने मोर्चा संभाला है। कौशल विकास प्रशिक्षण किट 75 हजार महिलाओं को दी गई है। साथ ही उद्यमिता का प्रशिक्षण शुरू हो गया है, जो तीन दिन तक चलेगा। इसमें उन्हें बताया जाएगा कि केंद्र और राज्य सरकार की कौन-कौन सी योजनाओं का लाभ उन महिलाओं को मिल सकता है, जो अपना उद्योग लगाना चाहती हैं। पूंजी की व्यवस्था सरकार की विभिन्न योजनाओं से हो जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तीन माह का लक्ष्य रखा गया है। इस अवधि में महिलाओं को बैंक से कर्ज दिलाने में भी मदद की जाएगी और हर जिले में एक-एक हजार महिलाओं के उद्यम शुरू कराए जाएंगे। सुझाव दिया कि महिलाओं को प्रशिक्षण के दौरान मानदेय भी मिलना चाहिए। रेडीमेड गारमेंट के कारोबार में महिलाएं पुरुषों से बेहतर कर सकती हैं। उन्हें प्रशिक्षण, कच्चा माल और बाजार मुहैया कराया जाए तो वह चीन और वियतनाम को भी पीछे छोड़ देंगी।

सीएम ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत पूरे प्रदेश में महिला पिंक बूथ स्थापित किए गए हैं। प्रदेश के सभी थानों में महिलाओं के लिए हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। अब मिशन शक्ति के तीसरे चरण में ग्राम पंचायत स्तर पर इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि जहां भी ग्राम सचिवालय संचालित हो रहे हैं वहां एक महिला शक्ति बूथ का गठन होना चाहिए।

निर्भया फंड से चलेगा अभियान : एमएसएमई मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह का कहना था कि दिल्ली की घटना के बाद निर्भया फंड बना था, लेकिन पिछली सरकारों ने उस फंड का कोई इस्तेमाल नहीं किया। अब निर्भया : एक पहल अभियान से महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए इस फंड का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस पैसे से महिलाओं का कौशल विकास किया जाएगा, ताकि वह अपना उद्यम शुरू कर सकें। कार्यक्रम को एमएसएमई राज्यमंत्री चौ. उदयभान सिंह ने भी संबोधित किया। योजना की विस्तृत जानकारी विभाग के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल ने दी। मंच पर मुख्य सचिव आरके तिवारी, आयुक्त एवं निदेशक उद्योग मनीष चौहान और पोस्ट मास्टर जनरल कौशलेंद्र कुमार सिन्हा भी थे।

Post a Comment

0 Comments